Daily 24 भारत डेस्क: वीर बाल दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से चयनित 20 बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया. इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विजेता बच्चों से मुलाकात की और कहा कि जेन जी और जेन अल्फा ही विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करेंगे.
14 वर्षीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी पुरस्कार ग्रहण करने के लिए दिल्ली में मौजूद हैं, इसी कारण वे आज विजय हजारे टूर्नामेंट में मणिपुर के खिलाफ मैच नहीं खेल सके. पुरस्कार पाने वालों में फिरोजपुर के श्रवण सिंह भी शामिल हैं, जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान बॉर्डर पर जवानों को चाय-नाश्ता उपलब्ध कराया था.
नई दिल्ली के भारत मंडपम में PM मोदी ने ‘वीर बाल दिवस’ के राष्ट्रीय कार्यक्रम में हिस्सा लिया@narendramodi #PMModi #VeerBalDiwas2025 #BharatMandapam pic.twitter.com/rL7XLXzRtV
— Daily 24 Bharat (@Daily24bharat) December 26, 2025
इस वर्ष दो बच्चों को मरणोपरांत पुरस्कार दिया गया-तमिलनाडु की ब्योमा और बिहार के कमलेश कुमार. उनके माता-पिता ने पुरस्कार ग्रहण किए. भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि बच्चों को अपनी सफलता को व्यक्तिगत न मानकर देश की सफलता से जोड़ना चाहिए. युवाओं के सशक्तिकरण के लिए नई नीतियां बनाई जा रही हैं और ‘मेरा युवा भारत’ जैसे प्लेटफॉर्म युवाओं को अवसर, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण से जोड़ रहे हैं.वीर बाल दिवस गुरु गोविंद सिंह जी के चार साहिबजादों-अजीत, जुझार, जोरावर और फतेह सिंह-की शहादत के सम्मान में मनाया जाता है.
26 दिसंबर 1705 को मुगल सेना द्वारा उनकी हत्या की गई थी. उनकी अद्वितीय वीरता की स्मृति में प्रधानमंत्री मोदी ने 2022 में 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस मनाने की घोषणा की थी. अपने संबोधन में पीएम ने कहा कि साहिबजादों का साहस और बलिदान भारत की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा है और ऐसा गौरवशाली अतीत राष्ट्र को हर लक्ष्य हासिल करने की शक्ति देता है.