डेली24भारत डेस्क: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हम में से ज्यादातर लोग अपने खानपान पर उतना ध्यान नहीं दे पाते, जितना जरूरी है. फास्ट फूड, प्रोसेस्ड आइटम और जंक फूड ने हमारी थाली से पोषक तत्वों को लगभग गायब कर दिया है. इनमें सबसे अहम है फाइबर (रेशा)- जो हमारे पाचन, हृदय और संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है. विशेषज्ञों के अनुसार, हर एडल्ट महिला को रोज 25 ग्राम और पुरुष को 35 ग्राम फाइबर की जरूरत होती है. फाइबर सबसे ज्यादा फलों और सब्जियों से मिलता है. हालांकि, कुछ सब्जियों में यह भरपूर मात्रा में होता है, इसमें जड़ों वाली सब्जियां सबसे अहम हैं. गाजर, चुकंदर, शकरकंद फाइबर से भरपूर सब्जियां हैं, इसके अलावा ब्रॉकली, फूलगोभी और करेले में भी खूब फाइबर होता है.
फाइबर क्या है और यह शरीर में कैसे काम करता है?
फाइबर एक प्रकार का कार्बोहाइड्रेट होता है जो शरीर में पचता नहीं है, बल्कि यह हमारी आंतों से होकर निकल जाता है. यह हमारे डाइजेस्टिव सिस्टम को साफ रखता है, ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित करता है और कोलेस्ट्रॉल को भी कम करने में मदद करता है. फाइबर दो प्रकार का होता है, सॉल्युबल फाइबर- यह पानी में घुलकर जेल जैसी परत बनाता है, जो कोलेस्ट्रॉल और शुगर को कम करता है. इनसॉल्युबल फाइबर- यह मल को भारी बनाता है और कब्ज की समस्या को दूर करता है.
रोजाना फाइबर खाने के 7 हेल्थ बेनिफिट्स!
1. पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है
फाइबर हमारी आंतों की सफाई करता है और मल त्याग को आसान बनाता है। इससे कब्ज, गैस और एसिडिटी जैसी समस्याएं दूर रहती हैं.
2. ब्लड शुगर को कंट्रोल करता है
फाइबर शुगर के अवशोषण को धीमा करता है, जिससे ब्लड ग्लूकोज लेवल स्थिर रहता है। यह डायबिटीज रोगियों के लिए बहुत फायदेमंद है.
3. कोलेस्ट्रॉल को कम करता है
सॉल्युबल फाइबर कोलेस्ट्रॉल को बांधकर शरीर से बाहर निकाल देता है, जिससे हृदय रोगों का खतरा कम होता है.
4. वजन घटाने में मददगार
फाइबर से भरपूर भोजन लंबे समय तक पेट भरा रखता है, जिससे ओवरईटिंग नहीं होती और वजन कंट्रोल में रहता है.
5. हार्ट हेल्थ को बेहतर बनाता है
फाइबर युक्त भोजन रक्त में फैट और कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करता है, जिससे हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा घटता है.
6. इम्यून सिस्टम को मजबूत करता है
फाइबर आंतों के माइक्रोबायोटा (गट बैक्टीरिया) को पोषण देता है, जिससे इम्यूनिटी मजबूत होती है और संक्रमण से बचाव होता है.
7. कैंसर से सुरक्षा देता है
अध्ययनों के अनुसार, फाइबर युक्त डाइट कोलन कैंसर और ब्रेस्ट कैंसर के खतरे को कम करती है.
सब्जियां फाइबर का सबसे अच्छा और आसान सोर्स हैं. इन्हें सलाद, सब्जी या स्मूदी बनाकर भोजन में शामिल कर सकते हैं. कम फाइबर वाली सब्जियों में भी प्रति कप 2-3 ग्राम फाइबर होता है. अगर चुकंदर, प्याज, गोभी, शलजम के पत्ते खा रहे हैं तो इसमें भी फाइबर मिलता है. इन्हें पूरी तरह नहीं छोड़ना चाहिए, सलाद में मिला सकते हैं. इसके अलावा हर सब्जी में अलग-अलग विटामिन्स और मिनरल्स मौजूद होते हैं. हमारे शरीर को इन विटामिन्स और मिनरल्स की भी उतनी ही जरूरत होती है. इसलिए सभी तरह की सब्जियां खानी चाहिए.
फाइबर लेने के आसान तरीके!
अपनी थाली में रोज हरी सब्जियां, दालें और फल शामिल करें. रिफाइंड आटे की जगह साबुत अनाज का इस्तेमाल करें. स्नैक्स के रूप में भुने चने या फल का सेवन करें. दिनभर में पर्याप्त पानी पिएं, क्योंकि फाइबर पानी के साथ बेहतर काम करता है. फाइबर रिच फूड दिन के किसी भी समय खाया जा सकता है, लेकिन बेहतर है कि इसे सुबह या दोपहर के भोजन में शामिल करें. इससे शरीर को दिनभर एनर्जी और बेहतर डाइजेशन में मदद मिलती है. देर रात या बहुत देर शाम फाइबर रिच फूड पचाने में दिक्कत हो सकती है, क्योंकि उस समय डाइजेशन धीमा हो जाता है.
फाइबर कोई महंगा या मुश्किल पोषक तत्व नहीं है, बल्कि यह हर रसोई में मौजूद है. बस थोड़ी जागरूकता और सही खानपान से आप अपने शरीर को अंदर से स्वस्थ रख सकते हैं. याद रखें, रोजाना 25 ग्राम फाइबर का सेवन छोटी सी आदत जरूर है, लेकिन इसके लाभ जीवनभर का स्वास्थ्य दे सकते हैं. इसलिए आज से ही अपनी प्लेट में फाइबर को जगह दें और एक हेल्दी लाइफ की शुरुआत करें.
खुशी डैंग, प्रोड्यूसर