Daily 24 भारत डेस्क: गोरखनाथ थाना क्षेत्र की इस घटना में पारिवारिक विवाद ने एक निर्दोष बहन की जान ले ली । यह बताता है कि गुस्सा और लालच किस तरह से इंसानियत को निगल सकते हैं। क्षेत्र के नए गांव इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पैसों के विवाद में एक युवक ने अपनी 19 वर्षीय बहन की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को बोरे में भरकर कुशीनगर जिले के गन्ने के खेत में फेंक दिया।
मृतका की पहचान नीलम के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका भाई राम आशिष निषाद है। पुलिस के अनुसार, परिवार की जमीन फोरलेन प्रोजेक्ट में चली गई थी, जिसके बदले उन्हें 5 लाख रुपये मुआवजा मिला था। पिता यह रकम बेटी की शादी के लिए बचाकर रखना चाहते थे, लेकिन आरोपी भाई अपने लिए 2 लाख रुपये की मांग कर रहा था।
इसी बात पर हुए विवाद के दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर बहन का गला घोंट दिया। हत्या के बाद उसने शव को बोरे में भरकर बाइक से करीब 70 किलोमीटर दूर कुशीनगर के एक गन्ने के खेत में फेंक दिया।
पुलिस ने जांच के दौरान इलाके के CCTV फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी बोरा लेकर जाता हुआ दिखाई दिया। सबूत सामने आने पर आरोपी टूट गया और अपराध स्वीकार करते हुए शव बरामद कराने की जानकारी दी। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है, और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
अनीता शर्मा