डेली 24 भारत : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह गुजरात के केवडिया पहुंचे। यहां उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्होंने राष्ट्रीय एकता दिवस परेड का नेतृत्व किया, जिसे इस बार गणतंत्र दिवस की तरह भव्य रूप दिया गया था। समारोह में देश की एकता और शक्ति का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।
पीएम मोदी ने कहा कि सरदार पटेल पूरी तरह जनसेवा को समर्पित थे। उन्होंने देश को एकजुट करने में अहम भूमिका निभाई। आज जो भारत एक मजबूत राष्ट्र के रूप में खड़ा है, उसमें सरदार पटेल का योगदान सबसे बड़ा है। उन्होंने लोगों से देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई।
एकता दिवस पर आयोजित परेड में बीएसएफ, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ और राज्य पुलिस की 16 टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। खास बात यह रही कि सभी टुकड़ियों का नेतृत्व महिला अफसरों ने किया। कार्यक्रम में उन जवानों को सम्मानित किया गया जिन्हें नक्सल और आतंकवाद विरोधी अभियानों में साहसिक योगदान के लिए शौर्य चक्र और बहादुरी पदक मिले हैं।
परेड के दौरान देश के अलग-अलग राज्यों और केंद्रीय एजेंसियों की 10 रंगीन झांकियां निकाली गईं, जिन्होंने भारत की सांस्कृतिक विविधता और एकता का संदेश दिया।