डेली24भारत डेस्क: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम की घोषणा के बाद कई दिग्गजों की प्रतिक्रियाएँ सामने आईं, लेकिन सबसे ज़्यादा चर्चा में रहा शुभमन गिल का टीम से बाहर होना। इस फैसले ने पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान और महान बल्लेबाज़ रिकी पोंटिंग को भी हैरान कर दिया। पोंटिंग ने ICC Review कार्यक्रम में बात करते हुए खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी और कहा कि जब उन्होंने भारतीय टीम में शुभमन गिल का नाम नहीं देखा, तो उन्हें खुद अपनी आँखों पर यकीन नहीं हुआ।
रिकी पोंटिंग ने कहा- “मुझे इस पर यकीन नहीं हुआ। मैं जानता हूँ कि व्हाइट-बॉल क्रिकेट में उनकी हालिया फॉर्म कुछ खास नहीं रही है, लेकिन पिछली बार जब मैंने उन्हें सच में खेलते हुए देखा था, वह इंग्लैंड के खिलाफ UK में खेली गई टेस्ट सीरीज़ थी। उस सीरीज़ में उन्होंने इतनी शानदार बल्लेबाज़ी की, जैसी मैंने बहुत कम खिलाड़ियों को करते हुए देखा है। एक तरफ मैं हैरान हूँ, लेकिन दूसरी तरफ यह भारतीय क्रिकेट की जबरदस्त गहराई को भी दिखाता है।”
दरअसल, शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जमकर रन बनाए थे और खुद को भारत के भविष्य के सुपरस्टार के रूप में साबित किया था। इसके बाद उन्हें एशिया कप के लिए T20I टीम में शामिल किया गया और साथ ही उपकप्तान की जिम्मेदारी भी सौंपी गई। हालांकि, टी-20 फॉर्मेट में गिल उस तरह का प्रभाव नहीं छोड़ पाए, जिसकी उनसे उम्मीद की जा रही थी।
टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी के बाद शुभमन गिल एक भी अर्धशतक लगाने में नाकाम रहे। लगातार मौके मिलने के बावजूद उनके बल्ले से बड़ी पारियाँ नहीं निकलीं, जिसका असर सीधे तौर पर उनके चयन पर पड़ा। इसी वजह से चयनकर्ताओं ने टी-20 वर्ल्ड कप टीम में उन्हें शामिल नहीं करने का फैसला लिया।
इस फैसले पर मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, “हम जानते हैं कि शुभमन गिल कितने शानदार खिलाड़ी हैं, लेकिन इस समय उनके रन थोड़े कम हैं। पिछले वर्ल्ड कप में भी उनका टीम में न होना दुर्भाग्यपूर्ण था, क्योंकि उस वक्त हम अलग-अलग कॉम्बिनेशन के साथ आगे बढ़े थे। आखिरकार जब आप 15 खिलाड़ियों की टीम चुनते हैं, तो किसी न किसी को बाहर बैठना ही पड़ता है और दुर्भाग्य से इस बार वह शुभमन गिल हैं।”
अगरकर के इस बयान से साफ है कि गिल की काबिलियत पर कोई सवाल नहीं है, बल्कि यह फैसला टीम कॉम्बिनेशन और मौजूदा फॉर्म को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। शुभमन गिल जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी का टीम से बाहर होना भारतीय क्रिकेट की गहराई को दर्शाता है, जहाँ हर पोज़िशन के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा है। अब सबकी निगाहें इस बात पर होंगी कि शुभमन गिल आगे आने वाले मौकों में किस तरह वापसी करते हैं और क्या वह एक बार फिर टी-20 टीम में अपनी जगह पक्की कर पाते हैं।
भावना सिंह, प्रोड्यूसर