Daily 24 भारत डेस्क: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 6 जनवरी को किया जाएगा. एसआईआर के दौरान प्रदेश के करीब 2.89 करोड़ मतदाता अनमैप्ड रह गए हैं. ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद भी पात्र मतदाताओं को निर्धारित फॉर्म भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने का अवसर मिलेगा.
यूपी में 4 नवंबर से एसआईआर की प्रक्रिया शुरू हुई थी. गणना फॉर्म भरने की अंतिम तिथि पहले 4 दिसंबर तय की गई थी, जिसे प्रदेश की विशाल जनसंख्या और प्रशासनिक दिक्कतों को देखते हुए पहले 12 दिसंबर और फिर 26 दिसंबर तक बढ़ाया गया. ड्राफ्ट मतदाता सूची 31 दिसंबर को जारी होनी थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 6 जनवरी कर दिया गया है.ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही 6 जनवरी से दावा-आपत्ति की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. मतदाता 6 फरवरी तक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे. वहीं, 6 जनवरी से 27 फरवरी तक नोटिस चरण, गणना प्रपत्रों पर निर्णय और दावे-आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा.
यूपी की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट आज होगी जारी। सूची से करीब तीन करोड़ मतदाताओं के नाम कटने की आशंका। राजनीतिक हलकों में हलचल तेज।#UPVoterList #DraftVoterList #ElectionCommission pic.twitter.com/Z5YTh8NXfo
— Daily 24 Bharat (@Daily24bharat) January 6, 2026
एसआईआर प्रक्रिया में अनमैप्ड पाए गए मतदाताओं को 6 जनवरी से जिला स्तर पर नोटिस जारी किए जाएंगे. नोटिस की सुनवाई के दौरान संबंधित मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज मांगे जाएंगे. तय समय तक दस्तावेज जमा न करने वाले मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा सकते हैं. ऐसे मतदाताओं को भी 6 फरवरी तक का समय दिया गया है.चुनाव आयोग ने 27 अक्टूबर को एसआईआर कराने की घोषणा की थी और बाद में 30 नवंबर व 11 दिसंबर को संशोधित कार्यक्रम जारी किए. दावे-आपत्तियों के निपटारे के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 6 मार्च को किया जाएगा.
चुनाव आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होते ही वे अपना और अपने परिजनों का नाम अवश्य जांच लें. ड्राफ्ट सूची चुनाव आयोग की वेबसाइट और एप पर उपलब्ध होगी, ताकि कोई भी पात्र मतदाता आगामी चुनावों में मताधिकार से वंचित न रह जाए.