Daily 24 भारत डेस्क: डायरेक्टर आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ पांच दिसंबर को रिलीज हुई और कुछ ही दिनों में इस फिल्म ने पूरे देश में चर्चा का तूफान खड़ा कर दिया है. खासकर अभिनेता अक्षय खन्ना की दमदार परफॉर्मेंस ने दर्शकों का दिल जीत लिया है. उनका एंट्री सीन सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसे देखकर लोग उनके Aura, स्क्रीन प्रेज़ेंस और अभिनय की क्षमता की तारीफ करते नहीं थक रहे. फिल्म की बढ़ती लोकप्रियता के पीछे अक्षय खन्ना की एंट्री का महत्व इस कदर है कि यह सीन रिलीज के कुछ घंटों में ही कई प्लेटफॉर्म्स पर ट्रेंड करने लगा.
फिल्म में अक्षय खन्ना ने रहमान डकैत का किरदार निभाया है, जिसके साथ उनका एंट्री सॉन्ग दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ रहा है. यह गाना बहरीनी हिप-हॉप स्टार फ्लिपराची ने बनाया है. जोशीले बीट्स और दमदार एटिट्यूड वाले इस गाने पर अक्षय खन्ना की परफॉर्मेंस ने इसे और भी खास बना दिया है.
इस मशहूर गाने की कोरियोग्राफी विजय गांगुली ने की है. उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया कि इस गाने की शूटिंग के दौरान अक्षय खन्ना को सांस लेने तक में दिक्कत होने लगी थी, क्योंकि यह पूरा सीक्वेंस लद्दाख के हाई-एल्टीट्यूड इलाके में शूट किया गया था. वहां ऑक्सीजन की कमी के कारण अक्षय को छोटा ऑक्सीजन सिलेंडर साथ लेकर चलना पड़ रहा था. विजय के अनुसार- FA9LA वाले सीक्वेंस के दौरान अक्षय का ऑक्सीजन लेवल काफी गिर गया था. हर शॉट के बाद उन्हें ऑक्सीजन मास्क लगाना पड़ता था, फिर भी उन्होंने बिना हिचक पूरा सीक्वेंस शूट किया और शानदार काम करके सेट से सीधे घर चले गए.
कोरियोग्राफर विजय गांगुली ने इससे पहले भी अक्षय खन्ना के साथ फिल्म ‘छावा’ में काम किया था, जिसमें अभिनेता ने औरंगज़ेब की भूमिका निभाई थी. उस फिल्म की शूटिंग को याद करते हुए उन्होंने बताया कि अक्षय कम बोलने वाले कलाकार हैं जो शूटिंग के दौरान अपने किरदार में पूरी तरह डूबे रहते हैं. विजय के मुताबिक- सेट पर अक्षय किसी भी चीज़ पर ज्यादा बात नहीं करते. वे सिर्फ अपने किरदार और सीन को बेहतर बनाने पर ध्यान देते हैं. उनका मौन स्वभाव और काम के प्रति समर्पण उन्हें खास बनाता है. अक्षय खन्ना की यह खासियत ‘धुरंधर’ में भी साफ दिखती है, जहां उनके कम स्क्रीन टाइम ने भी दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी है. उनकी मौजूदगी भर से सीन शक्तिशाली और प्रभावी बन जाते हैं.
धुरंधर में रहमान डकैत बनकर छाए अक्षय खन्ना @AkshayeKhanna #Dhurandhar #AkshayeKhanna #RehmanDakaith pic.twitter.com/hkJ1rmT1Co
— Daily 24 Bharat (@Daily24bharat) December 10, 2025
फिल्म ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार धमाल मचा रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, चार दिनों में फिल्म ने 126 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. फिल्म में रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन, संजय दत्त और आर. माधवन जैसे बड़े सितारे हैं, लेकिन चर्चा का सबसे बड़ा केंद्र अक्षय खन्ना ही बने हुए हैं. ‘धुरंधर’ की सफलता और अक्षय खन्ना के वायरल एंट्री सीन ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वे बॉलीवुड के उन कलाकारों में से हैं, जो अपने अभिनय, समर्पण और खास स्क्रीन प्रेज़ेंस के दम पर किसी भी किरदार को जीवंत बना सकते हैं. लद्दाख के कठिन हालात में भी अपने काम को पूरी निष्ठा से निभाने वाले अक्षय खन्ना का यह परफॉर्मेंस उनकी प्रतिभा और जुनून का बेहतरीन उदाहरण है. ‘धुरंधर’ की गूंज के बीच एक बात साफ है की अक्षय खन्ना न सिर्फ वापस लौटे हैं, बल्कि पहले से भी ज्यादा दमदार अंदाज में है.