ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट से एक बार फिर लिफ्ट में फंसने का मामला सामने आया है. हवेलियां वैलेंसिया होम्स सोसायटी की लिफ्ट में एक मासूम बच्ची अपनी मेड के साथ करीब 30 मिनट तक फंसी रही. मेंटेनेंस टीम और सोसायटी के लोगों ने किसी तरह से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला.

इस दौरान बच्ची का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. बताया जा रहा है कि लिफ्ट में फंसने के बाद अलार्म बजने के बाद भी उन्हें मदद मिलने में काफी समय लगा. 30 मिनट के बाद मेंटेनेंस और सोसायटी के लोगों ने किसी तरह दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला.
बता दें, हवेलियां वैलेंसिया होम्स सोसायटी के आई टावर में अभिषेक कुमार फ्लैट नंबर 1302 में अपने परिवार के साथ रहते हैं. मंगलवार शाम 4:45 पर जब उनकी एक साल की बच्ची मेड के साथ लिफ्ट से नीचे जा रही थी. तभी लिफ्ट 13वीं और 12वीं मंजिल के बीच में पावर कट होने से रुक गई. मेड ने बाहर निकालने के लिए लिफ्ट का अलार्म बजाया.
लेकिन काफी देर तक उन्हें कोई मदद नहीं मिली और मासूम जोर-जोर से रोने लगी. करीब 30 मिनट के बाद मेंटेनेंस और सोसायटी के लोगों ने उन्हें कड़ी मशक्कत के बाद लिफ्ट से बाहर निकाला.