Daily 24 भारत डेस्क: भारत और जर्मनी के रिश्तों को नई मजबूती मिली है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के बीच गांधीनगर में डेलीगेशन स्तर की अहम बैठक हुई. गुजरात के गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर कन्वेंशन सेंटर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के बीच विस्तृत बातचीत हुई. बैठक में भारत-जर्मनी की 25 साल पुरानी रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा की गई.
दोनों नेताओं ने व्यापार और निवेश, उन्नत तकनीक, शिक्षा, स्किल डेवलपमेंट और मोबिलिटी जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया. इसके साथ ही रक्षा और सुरक्षा, विज्ञान एवं अनुसंधान, हरित विकास और लोगों के बीच संपर्क को और मजबूत करने पर भी सहमति बनी. यह बैठक भारत-जर्मनी संबंधों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप नई दिशा देने की दिशा में अहम मानी जा रही है.
दोनों देशों की यह साझेदारी वैश्विक स्तर पर स्थिरता और विकास को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है. कूटनीति के साथ-साथ संस्कृति का रंग भी देखने को मिला, जब पीएम मोदी और जर्मन चांसलर साबरमती रिवरफ्रंट पहुंचे.प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने साबरमती रिवरफ्रंट पर अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव में शिरकत की. पारंपरिक गुजराती स्कार्फ और लोक कलाकारों के नृत्य-संगीत के साथ जर्मन चांसलर का भव्य स्वागत किया गया.दोनों नेताओं ने पतंग उड़ाकर उत्सव का आनंद लिया.
पीएम मोदी ‘भारत-वसुधैव कुटुम्बकम’ संदेश वाली विशेष पतंग उड़ाते नजर आए. आसमान में तिरंगे, देवी-देवताओं और दोनों नेताओं की तस्वीरों वाली पतंगें दिखाई दीं. नदी किनारे भारी संख्या में लोग जुटे और भारत-जर्मनी की दोस्ती का जश्न मनाया. इसके बाद दोनों नेताओं ने साबरमती आश्रम जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी. गांधीजी की विरासत पर आधारित प्रदर्शनी देखी गई और चांसलर मर्ज ने विजिटर्स बुक में अपने विचार दर्ज किए. यह दौरा भारत-जर्मनी रिश्तों में रणनीतिक साझेदारी के साथ-साथ सांस्कृतिक जुड़ाव को भी मजबूत करता नजर आया.