डेली24भारत डेस्क: भारत की प्रमुख बजट एयरलाइन इंडिगो इस समय गंभीर ऑपरेशनल परेशानियों का सामना कर रही है। गुरुवार को लगातार तीसरे दिन देश के विभिन्न एयरपोर्ट्स पर कई उड़ानों को रद्द किया गया। इससे पहले मंगलवार और बुधवार को भी 200 से अधिक उड़ानों को कैंसिल किया गया था, जिससे हजारों यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
इंडिगो के ऑपरेशन्स में रुकावट
दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और अन्य शहरों में इंडिगो की कई उड़ान सेवाएँ प्रभावित रही। इसके चलते बड़ी संख्या में यात्रियों को यात्रा में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
आज भी प्रभावित उड़ानें
सूत्रों के मुताबिक गुरुवार को दिल्ली से उड़ान भरने वाली 30 से अधिक फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं। हैदराबाद में करीब 33 फ्लाइट्स कैंसिल हुईं और मुंबई एयरपोर्ट पर भी कई उड़ानें प्रभावित हुईं। अनुमान है कि देश भर में कुल मिलाकर आज लगभग 170 उड़ानें रद्द की गई हैं। फिलहाल, कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं मिली है।
इंडिगो प्रतिदिन 22,000 से अधिक उड़ानों को संचालित करती है, लेकिन पिछले तीन दिनों में लगातार बड़ी संख्या में उड़ानों के रद्द होने के कारण यात्रियों को परेशानी हुई।
यात्रियों से माफी
बुधवार को इंडिगो ने एक बयान में कहा कि तकनीकी समस्याओं, मौसम से जुड़े शेड्यूल बदलाव, खराब मौसम, एयर ट्रैफिक की बढ़ी भीड़ और फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन जैसी वजहों से ऑपरेशन पर असर पड़ा। परिणामस्वरूप कई उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।
कंपनी ने बताया कि ऑपरेशन को सामान्य करने और स्थिरता लौटाने के लिए शेड्यूल में कुछ बदलाव किए जा रहे हैं। ये उपाय अगले 48 घंटे तक लागू रहेंगे, जिससे धीरे-धीरे पूरे नेटवर्क में उड़ानों की समयबद्धता वापस आएगी।
भावना सिंह, प्रोड्यूसर