Daily 24 भारत डेस्क : भारत के पॉपुलर एंटरटेनमेंट प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो ने ऐलान किया है कि उसकी सुपरहिट सीरीज़ ‘द फैमिली मैन’ का तीसरा सीज़न 21 नवंबर को दुनिया भर में रिलीज़ होने जा रहा है। इसे राज और डीके ने अपने बैनर D2R फिल्म्स के तहत बनाया है। ये सीज़न पहले से भी ज़्यादा बड़ा, एक्शन से भरा और रोमांचक बताया जा रहा है। इस बार फिर मनोज बाजपेयी अपने फेमस किरदार श्रीकांत तिवारी के रोल में नजर आएंगे — जो एक होशियार अंडरकवर एजेंट है। वह देश की सुरक्षा में हमेशा जुटा रहता है, लेकिन साथ ही एक जिम्मेदार पति और पिता की भूमिका भी निभाता है।
सीरीज़ की कहानी राज, डीके और सुमन कुमार ने लिखी है, जबकि डायलॉग सुमित अरोड़ा ने तैयार किए हैं। इस बार निर्देशन में राज और डीके के साथ सुमन कुमार और तुषार सेठ भी जुड़े हैं। कहानी में इस बार खतरा पहले से ज्यादा बड़ा है। श्रीकांत तिवारी को दो नए और खतरनाक दुश्मनों — जयदीप अहलावत (रुक्मा) और निमरत कौर (मीरा) — का सामना करना होगा। उसे देश के भीतर और बाहर दोनों मोर्चों पर लड़ना पड़ेगा। सीरीज़ में पहले की तरह शारिब हाशमी (जे.के. तलपड़े), प्रियमणि (सुचित्रा तिवारी), अशलेषा ठाकुर (धृति), वेदांत सिन्हा (अथर्व), श्रेया धनवंतरि (जोया) और गुल पनाग (सलोनी) भी नजर आएंगे। ‘द फैमिली मैन’ सीजन 3 का पहला एपिसोड 21 नवंबर को सिर्फ प्राइम वीडियो पर भारत समेत 240 से ज़्यादा देशों में देखा जा सकेगा।
प्राइम वीडियो इंडिया के डायरेक्टर और हेड ऑफ ओरिजिनल्स निखिल मधोक ने कहा, “द फैमिली मैन ने लंबी कहानियों को दिखाने का तरीका ही बदल दिया है। ये अब लोगों की रोज़मर्रा की बातचीत और पॉप कल्चर का हिस्सा बन चुका है। यह शो हमारे लिए D2R फिल्म्स के साथ एक शानदार पार्टनरशिप की मिसाल है, जो हमेशा मजेदार और दिलचस्प कहानियां लेकर आते हैं, जो प्राइम वीडियो के कंटेंट से पूरी तरह मेल खाती हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “आने वाला सीज़न और भी रोमांचक और मजेदार होने वाला है। इसमें एक बार फिर एक्शन और ह्यूमर का जबरदस्त कॉम्बो देखने को मिलेगा। सभी कलाकारों की परफॉर्मेंस इस सीज़न को और खास बनाएगी, और हमें खुशी है कि हम इसे दुनिया भर के दर्शकों के लिए ला रहे हैं।”