आगरा: सावन के दूसरे सोमवार की सुबह हिंदू महासभा की महिला कार्यकर्ता ताजमहल पर कांवड़ लेकर पहुंच गई। वह सोरों से कांवड़ में गंगाजल भरकर लेकर आई थी। महिला गंगाजल को ताजमहल पर चढ़ाना चाहती थी, लेकिन पुलिस ने उसे ताजमहल के पश्चिमी गेट पर लगे बैरियर पर ही रोक दिया।

महिला के साथ भगवान शिव और नंदी के स्वरुप में भी लोग थे। कई घंटों तक सुरक्षा बैरियर पर हंगामा चलता रहा। महिला का कहना था कि तेजोमहालय भगवान शिव का मंदिर है। वह अपने शिवलिंग पर गंगाजल चढ़ाने आई है।अखिल भारतीय हिंदू महासभा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष मीरा राठौर ताजगंज क्षेत्र की रहने वाली है।

सोमवार सुबह करीब 6.30 बजे वह अपने हाथों में कांवड़ लेकर ताजमहल के पश्चिमी गेट पहुंच गई। मीरा को पुलिस वालों ने रोक लिया। मीरा का कहना था कि वह ताजमहल नहीं शिव मंदिर तेजोमहालय है। कासगंज सोरों से वह गंगाजल लेकर पैदल आई है। गंगाजल चढ़ाकर जाएगी। पुलिस के अधिकारी और महिला पुलिस कर्मियों ने उसे रोक लिया। 2 घंटे तक महिला से पुलिस कर्मियों का विवाद होता रहा।