Daily 24 भारत डेस्क: नोएडा और गुजरात के अहमदाबाद में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है. ई-मेल के ज़रिए भेजी गई इन धमकियों के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं. पुलिस, बम स्क्वॉड और साइबर सेल ने मोर्चा संभाल लिया है.
नोएडा के कई निजी स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल मिलने के बाद प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई. उच्चाधिकारियों के निर्देश पर स्थानीय पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विभिन्न थानों से पुलिस बल, बम स्क्वॉड, फायर ब्रिगेड, डॉग स्क्वॉड और बीडीडीएस की टीमों को मौके पर भेजा. नोएडा सेक्टर-62 स्थित फादर एंगल स्कूल में बम होने की सूचना के बाद पूरे परिसर को घेर लिया गया और सघन तलाशी अभियान चलाया गया. एहतियातन स्कूल परिसर की हर कोने से जांच की जा रही है.
नोएडा: नोएडा के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की मिली धमकी, पुलिस ने किया जांच अभियान। सूचना मिलते ही अलग-अलग स्कूल पहुंची पुलिस। डॉग स्क्वायड ने गहनता से किया निरीक्षण। किसी भी स्कूल में नहीं मिली कोई आपत्तिजनक बम सामग्री। अपर पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्र मौके पर पहुंचे।… pic.twitter.com/WDTPSpL2HS
— Daily 24 Bharat (@Daily24bharat) January 23, 2026
धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच के लिए साइबर सेल को भी सक्रिय कर दिया गया है. साइबर विशेषज्ञ ई-मेल के स्रोत, भेजने वाले की पहचान और इसके पीछे की मंशा का पता लगाने में जुटे हैं. पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि यह कोई वास्तविक खतरा है या फिर अफवाह फैलाने की साजिश.पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सभी स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं.
दूसरी ओर गुजरात के अहमदाबाद के पश्चिमी इलाके के कई स्कूलों को भी ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है. धमकी मिलते ही क्राइम ब्रांच की बम स्क्वॉड और फोरेंसिक विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और जांच शुरू कर दी गई. यह जानकारी क्राइम ब्रांच अहमदाबाद की ओर से दी गई है.फिलहाल दोनों राज्यों में सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ जांच में जुटी हैं. प्रशासन का कहना है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी है.