Daily 24 भारत डेस्क: बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान का करियर कई सुपरहिट और कल्ट फिल्मों से भरा पड़ा है, लेकिन जिन फिल्मों ने उनके स्टारडम को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया, उनमें 3 इडियट्स का नाम सबसे ऊपर आता है. साल 2009 में रिलीज हुई यह फिल्म आज भी दर्शकों के दिलों पर राज करती है. कॉलेज लाइफ, दोस्ती, स्ट्रेस, शिक्षा व्यवस्था और इमोशनल कनेक्ट, इन सबको इतनी खूबसूरती से दिखाने वाली यह फिल्म न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर सफल रही, बल्कि IMDb पर भी शानदार रेटिंग हासिल करने में कामयाब रही.
अब 3 इडियट्स के चाहने वालों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. फिल्म का सीक्वल ‘3 इडियट्स 2’ बनने जा रहा है, जिसकी स्क्रिप्ट फाइनल हो चुकी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, डायरेक्टर राजकुमार हिरानी ने आखिरकार फिल्म की स्क्रिप्ट को लॉक कर दिया है और यह प्रोजेक्ट 2026 के दूसरे हाफ में फ्लोर पर जाएगा. सबसे बड़ी बात की मूल फिल्म की आइकॉनिक स्टारकास्ट वापस लौटेगी.
इस सीक्वल में दिखेंगे:-
- आमिर खान (रैंचो)
- आर. माधवन (फरहान)
- शरमन जोशी (राजू)
- करीना कपूर खान (पिया)
फिल्म को राजकुमार हिरानी, विधु विनोद चोपड़ा, और आमिर खान मिलकर प्रोड्यूस करेंगे. लोग लंबे वक्त से इस खबर का इंतज़ार कर रहे थे और अब इसकी आधिकारिक पुष्टि ने फैंस की उत्सुकता कई गुना बढ़ा दी है. रिपोर्ट्स बताती हैं कि 3 इडियट्स 2 की कहानी वहीं से आगे बढ़ेगी जहां पहली फिल्म खत्म हुई थी, किरदारों के अलग होने के करीब 15 साल बाद. इस बार कहानी में एक नया एडवेंचर, नई चुनौतियाँ और उनकी बदली हुई जिंदगी से जुड़े नए अनुभव देखने को मिलेंगे. जहां पहली फिल्म ने युवाओं का एक भावनात्मक और मज़ेदार सफर दिखाया था, वहीं यह सीक्वल उनके बड़े हो चुके जीवन, उनकी जिम्मेदारियों और उनके बीच की पुरानी दोस्ती को फिर से जगाएगा.
राजकुमार हिरानी ने कई इंटरव्यूज़ में बताया है कि उनके पास 3 इडियट्स के सीक्वल का आइडिया काफी समय से था, लेकिन वो तभी फिल्म बनाना चाहते थे जब कहानी परफेक्ट लगे, कुछ ऐसा जो पहली फिल्म के जादू को दोबारा महसूस करा सके और उसकी लेगेसी को बरकरार रखे. काफी सोच-विचार और मेहनत के बाद उन्होंने आखिरकार इसे एक कंप्लीट स्क्रीनप्ले का रूप दिया, जिससे टीम और फैंस दोनों एक्साइटेड हैं.
2009 में रिलीज हुई फिल्म 3 इडियट्स ने रिलीज़ के समय कई रिकॉर्ड तोड़े थे-
- बजट: 55 करोड़
- वर्ल्डवाइड कलेक्शन: 460 करोड़
- भारत में कलेक्शन: 202 करोड़
यह फिल्म आज भी भारत की सबसे पसंद की जाने वाली फिल्मों में गिनी जाती है, इसलिए इसके सीक्वल से भी दर्शकों की उम्मीदें बेहद ऊँची हैं. जैसे ही खबर आई कि 3 इडियट्स 2 की स्क्रिप्ट फाइनल हो चुकी है और शूटिंग की तैयारी शुरू है, सोशल मीडिया पर फैंस का उत्साह चरम पर पहुंच गया. दर्शकों का कहना है कि एक बार फिर उन्हें रैंचो, फरहान, राजू और पिया का नॉस्टैल्जिक चार्म देखने को मिलेगा. कई लोगों ने लिखा की ये वो फिल्म है जिसने जिंदगी देखने का नजरिया बदल दिया, सीक्वल जरूर धमाल मचाएगा…
3 इडियट्स सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक इमोशन है जिसे लोग बार-बार देखना पसंद करते हैं. ऐसे में 16 साल बाद इसका सीक्वल आने की खबर दर्शकों के लिए किसी त्योहार से कम नहीं है. अब जब स्क्रिप्ट तैयार है और शूटिंग अगले साल शुरू होने वाली है, तो कहना गलत नहीं होगा कि 3 इडियट्स 2 उन सबसे बड़े प्रोजेक्ट्स में से एक होगा जिसे लोग बेसब्री से इंतज़ार करेंगे. रैंचो और उसके दोस्तों की नई यात्रा फैंस को फिर एक बार हंसाएगी, रुलाएगी और सोचने पर मजबूर करेगी, जैसा पहली फिल्म ने किया था.