Daily 24 भारत डेस्क: देश के इतिहास में पहली बार 77वें गणतंत्र दिवस परेड में भारतीय वायुसेना के बैंड का हिस्सा बनकर नौ महिला अग्निवीर कर्तव्य पथ पर मार्च करती नजर आएंगी. अपने वाद्ययंत्रों से मधुर संगीत बिखेरते हुए ये महिला अग्निवीर नारी शक्ति और सैन्य समावेशन का सशक्त संदेश देंगी.
भारतीय वायुसेना ने गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि फ्लाइट लेफ्टिनेंट अक्षिता धनखड़ 26 जनवरी को औपचारिक परेड से पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रीय ध्वज फहराने के दौरान सहयोग करेंगी.सार्जेंट चार्ल्स एंटनी डेनियल के नेतृत्व में वायुसेना बैंड के पीछे 144 वायुसैनिकों का मार्चिंग दस्ता चलेगा, जिसका नेतृत्व स्क्वॉड्रन लीडर जगदीश कुमार करेंगे. वहीं स्क्वॉड्रन लीडर निकिता चौधरी, फ्लाइट लेफ्टिनेंट प्रखर चंद्राकर और फ्लाइट लेफ्टिनेंट दिनेश मुरली अतिरिक्त अधिकारी के रूप में दल का हिस्सा होंगे.
गणतंत्र दिवस परेड: पहली बार IAF बैंड में शामिल होंगी महिला अग्निवीर। कर्तव्य पथ पर बिखेरेंगी संगीत और नारी शक्ति का संदेश। बैंड के पीछे 144 वायुसैनिकों का मार्चिंग दस्ता। गणतंत्र दिवस पर दिखेगा सैन्य समावेशन और युवा शक्ति।#RepublicDayParade #IAF #WomenAgniveer pic.twitter.com/ac75X9WLFH
— Daily 24 Bharat (@Daily24bharat) January 23, 2026
परेड के दौरान दो चरणों में होने वाले फ्लाई पास्ट में कुल 29 विमान शामिल होंगे, जिनमें 16 लड़ाकू विमान, चार परिवहन विमान और नौ हेलीकॉप्टर होंगे. दर्शक आसमान में विमानों की आठ शानदार संयोजनाएं देख सकेंगे. इनमें पिछले वर्ष मई में सफल रहे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के सम्मान में एक विशेष अग्रिम पंक्ति संयोजना भी शामिल होगी.वायुसेना मुख्यालय के समारोह निदेशालय के एयर कमोडोर इमरान एच. जैदीने बताया कि 75 सदस्यीय वायुसेना बैंड में 66 अग्निवीर होंगे, जिनमें नौ महिला अग्निवीर शामिल हैं. यह पहला अवसर होगा जब महिला अग्निवीर वायुसेना बैंड के साथ परेड में हिस्सा लेंगी.
मार्चिंग दल का नेतृत्व कर रहे स्क्वॉड्रन लीडर जगदीश कुमार ने कहा,“गणतंत्र दिवस परेड में यह मेरी पहली भागीदारी है. कर्तव्य पथ पर देश की सेवा का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए गर्व की बात है.”तमिलनाडु के मूल निवासी कुमार ने दिल्ली की कड़ाके की ठंड में सुबह चार बजे से शुरू होने वाले कठिन अभ्यास के अनुभव भी साझा किए.वहीं अतिरिक्त अधिकारी स्क्वॉड्रन लीडर निकिता चौधरी ने कहा,“मैं फाइटर कंट्रोलर शाखा में कार्यरत हूं. इस ऐतिहासिक परेड का हिस्सा बनना सम्मान की बात है. ठंड चुनौती जरूर है, लेकिन चयनित होना गर्व देता है.” परेड के दौरान वायुसेना बैंड‘निडर योद्धा’,‘सारे जहां से अच्छा’,‘साउंड बैरियर’और ‘लड़ाकू’ जैसी प्रेरणादायक धुनें प्रस्तुत करेगा.
उत्तर प्रदेश के मथुरा की रहने वाली 19 वर्षीय अग्निवीर सुरभि शर्मा, जो सैक्सोफोन वादक हैं, ने कहा,“भारत के गौरव का प्रतीक इस प्रतिष्ठित परेड का हिस्सा बनना मेरे लिए अनूठा सम्मान है.” 77वें गणतंत्र दिवस परेड में महिला अग्निवीरों की यह ऐतिहासिक भागीदारी न केवल वायुसेना की बदलती तस्वीर दिखाएगी, बल्कि देश की युवा शक्ति और महिला सशक्तिकरण का भी प्रतीक बनेगी.